भोपाल: हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला राजधानी भोपाल में सामने आया है। यहां नगर निगम के एक कर्मचारी ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुल्तान खान के रूप में हुई है, जो नगर निगम में ड्राइवर था। सुल्तान ने मंगलवार को जहर खा लिया था, जिसके बाद बुधवार रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवती ने प्रेमजाल में फंसाकर बनाई वीडियो
मृतक के भाई सलमान ने आरोप लगाया है कि एक युवती ने सुल्तान को पहले प्रेम जाल में फंसाया और फिर निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती अब तक सुल्तान से करीब 8 लाख रुपए ऐंठ चुकी थी और लगातार और रुपयों का दबाव बना रही थी। इस साजिश में एक फर्जी टीआई (थाना प्रभारी) भी शामिल था, जो सुल्तान को रेप केस में फंसाने और जेल भिजवाने की धौंस देता था।
जांच में मोबाइल से मिले सबूत
जांच के दौरान सुल्तान के मोबाइल से ब्लैकमेलिंग के पुख्ता सबूत मिले हैं। मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्डिंग से खुलासा हुआ है कि आरोपी गिरोह उसे लगातार गालियां और जान से मारने की धमकियां दे रहा था। सुल्तान के फोन में युवती के 161 मिस्ड कॉल मिले हैं। उसने आरोपियों के नंबर ‘माई वाइफ’ और ‘अंकल टीआई’ जैसे नामों से सेव कर रखे थे ताकि किसी को शक न हो।
मौत से पहले भाई को बताई सच्चाई
अस्पताल में मौत से पहले सुल्तान ने अपने भाई को पूरी आपबीती सुनाई थी। उसने बताया था कि वह आरोपियों को लाखों रुपए दे चुका है लेकिन उनका लालच खत्म नहीं हो रहा। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मोबाइल साक्ष्यों के आधार पर युवती और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
Sources: https://navbharattimes.indiatimes.com/
